शिवानी सिंह
नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर।
कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि मतदाता सूची से 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम हटाकर चुनावी परिणामों को प्रभावित करने की सीधी कोशिश की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि यह चुनाव आयोग और सत्तापक्ष की ‘मिलीभगत’ नहीं है, तो फिर और क्या है?
नयी दिल्ली में आयोजित एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अभिजीत दीपके ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के आंकड़ों का हवाला दिया। उन्होंने कहा, *”2024 के चुनावों में जीत-हार का अंतर महज़ दो प्रतिशत का था, जबकि दूसरी तरफ 13 करोड़ से ज़्यादा वैध मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए। जहाँ दो प्रतिशत वोट पूरे परिणाम को बदल देते हैं, वहाँ इतनी बड़ी संख्या में वोट काटना सीधी धांधली की ओर इशारा करता है।”*
इस दौरान दीपके ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे जनांदोलन को दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (एसआईआर) के नाम पर उठने वाली आवाज़ों को कुचला जा रहा है। प्रदर्शनों को रोकने के लिए राजधानी में अभूतपूर्व पाबंदियां लगाई गईं, मेट्रो व ट्रेन सेवाएं बाधित की गईं और पूर्व मुख्यमंत्रियों, सांसदों व विपक्षी नेताओं तक को हिरासत में ले लिया गया। उन्होंने भाजपा के ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के नारे पर तंज कसते हुए कहा कि इसका असल इरादा ‘एक राष्ट्र, एक पार्टी, एक नेता’ की तानाशाही व्यवस्था कायम करना है।
—————-
शुक्रवार को कनॉट प्लेस में ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च
कॉजपा प्रमुख ने ऐलान किया कि उनकी पार्टी शुक्रवार को दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में “लहरा दो तिरंगा” मार्च निकालेगी। उन्होंने देश के आम नागरिकों और सभी राजनीतिक दलों से इसमें शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज फहराना हर नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है।
———–
छात्र नेताओं और अभिनेता प्रकाश राज का मिला समर्थन
इस प्रेस वार्ता में ‘ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन’ (आइसा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा, ‘स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया’ (एसएफआई) की नेता आइशी घोष, ‘ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विराज देवांग और प्रसिद्ध अभिनेता प्रकाश राज भी मौजूद रहे।
—————
पत्रकारों के साथ बर्बरता और उत्पीड़न का आरोप: आइसा अध्यक्ष नेहा बोरा ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रदर्शनों को कवर कर रहे पत्रकारों को निशाना बना रही है। पहचान-पत्र होने के बावजूद मीडियाकर्मियों के कैमरे छीने गए और उन्हें हिरासत में लिया गया। उन्होंने एक महिला पत्रकार के साथ हुई कथित यौन उत्पीड़न की घटना पर दर्ज प्राथमिकी का जिक्र करते हुए पुलिसिया कार्रवाई की तीखी निंदा की।
—————-
भगत सिंह और गांधी के देश को बचाने की अपील: एसएफआई नेता आइशी घोष ने कहा कि देश के नागरिकों को लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होना होगा। उन्होंने अंकिता भंडारी के परिजनों के साथ हुए दुर्व्यवहार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आज वोट देने के अधिकार की बात करने वालों को सड़कों पर घसीटा जा रहा है।
———–
प्रेस वार्ता के दौरान उस समय कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब एक रिपोर्टर ने वक्ताओं की बात के बीच बाधा डालने का प्रयास किया, जिसके बाद उसे सुरक्षाकर्मियों द्वारा बाहर ले जाया गया।
————
