आप कागजी आदेशों से प्रतिरोध को डी-नोटिफ़ाई नहीं कर सकते! – अभिजीत दीपके

जंतर मंतर को प्रदर्शन स्थल से हटाने पर सीजेपी की प्रतिक्रिया

शिवानी सिंह

नई दिल्ली, 13 अक्तूबर।

दिल्ली में जंतर-मंतर पर सीजेपी नेताओं की गिरफ्तारी और पुलिसिया कार्रवाई के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने महाराष्ट्र के हिंगोली से एक बेहद आक्रामक और तीखा वीडियो संदेश जारी कर केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर जोरदार राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि प्रशासन चाहे जितने भी दमनकारी आदेश जारी कर ले, वह जनता के रोष और लोकतांत्रिक प्रतिरोध को दबा नहीं सकता।

सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहे इस वीडियो संदेश में अभिजीत दीपके ने प्रशासन के उस हालिया आदेश को आड़े हाथों लिया जिसमें जंतर-मंतर को प्रदर्शन के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है। दीपके ने दो टूक कहा, आप ऑफिस की मेज पर बैठकर फाइलों पर दस्तखत करके या नए आदेश निकालकर असंतोष और जनता के प्रतिरोध को कभी डी-नोटिफ़ाई नहीं कर सकते। उन्होंने प्रशासनिक मशीनरी को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि राष्ट्रीय राजधानी में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने और विरोध जताने के लोकतांत्रिक अधिकारों पर इसी तरह पाबंदी लगाई जाती रही, तो देश का हर शहर, हर गांव और हर नुक्कड़ नया जंतर-मंतर बन जाएगा।

अभिजीत दीपके ने आगे ऐलान किया है कि वे इस प्रशासनिक तानाशाही के खिलाफ बहुत जल्द खुद दिल्ली पहुँच रहे हैं और इस राष्ट्रव्यापी जन-आंदोलन की कमान अपने हाथों में संभालेंगे। उनके इस आक्रामक तेवर के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है, और विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में यह विवाद सरकार के लिए एक बड़ी राजनीतिक चुनौती बन सकता है।