शिवानी सिंह
नई दिल्ली, 17 अक्तूबर।
देश के पहाड़ी और हेरिटेज रेलवे मार्गों पर जल्द ही प्रदूषण फैलाने वाली पारंपरिक ट्रेनों की जगह आधुनिक हाइड्रोजन ट्रेनें सफर का नया अनुभव देंगी। यानी छुक छुक , जगह हाइड्रोजन रेलगाड़ी चलेंगी। भारतीय रेलवे ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल कालका-शिमला और नीलगिरि जैसे खूबसूरत पर्वतीय रेल मार्गों पर हाइड्रोजन ट्रेनें शुरू करने की रूपरेखा तैयार कर ली है।
रेलवे से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, हरियाणा के जींद-सोनीपत रूट पर देश की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन का सफल परीक्षण किया जा चुका है। इस सफलता से उत्साहित रेलवे प्रशासन अब कालका-शिमला, नीलगिरि माउंटेन रेलवे और दार्जिलिंग जैसे नाज़ुक पारिस्थितिकी तंत्र वाले इलाकों में इन ट्रेनों के संचालन की तैयारी में जुटा है। आरडीएसओ (आरडीएसओ) ने सुरक्षा और वाणिज्यिक परीक्षणों के लिए तकनीकी मानकों को हरी झंडी दे दी है। इन ट्रेनों की सुरक्षा व्यवस्था को अंतरराष्ट्रीय (विशेषकर जर्मन) मानकों के अनुरूप ढाला गया है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी हाइड्रोजन ट्रेनें
पहाड़ी धरोहर मार्गों के लिए तैयार की जा रही यह विशेष हाइड्रोजन ट्रेन 10 डिब्बों की होगी। इसमें दो हाइड्रोजन ड्राइविंग पावर कारें और आठ ट्रेलर कोच होंगे, जिसमें कुल मिलाकर करीब 2,600 यात्री एक साथ यात्रा कर सकेंगे।
आकर्षक बनावट: ट्रेन का बाहरी डिजाइन काफी स्लीक और एरोडायनामिक है।
यात्री सुविधाएं: डिब्बों के भीतर वंदे भारत ट्रेनों की तर्ज पर आरामदायक सीटें, बड़ी कांच की खिड़कियां, डिजिटल सूचना प्रणाली और बेहतरीन लाइटिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे पर्यटक प्राकृतिक नजारों का पूरा आनंद ले सकें।
आधुनिक कॉकपिट: ट्रेन के चालक कक्ष को विमान के कॉकपिट की तरह अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है।
—
पर्यावरण और वन्यजीवों के लिए वरदान
पारंपरिक डीजल और भाप इंजनों की तुलना में ये हाइड्रोजन ट्रेनें बेहद शांत होती हैं। पुरानी ट्रेनों के मुकाबले ये लगभग 60 फीसदी कम आवाज़ करती हैं, जिससे पहाड़ी इलाकों का शांत माहौल और वहां के वन्यजीव प्रभावित नहीं होते हैं। यह तकनीक पूरी तरह ‘ज़ीरो-एमिशन’ आधारित है, जहां हाइड्रोजन और ऑक्सीजन के मिलने से बिजली पैदा होती है। इसमें धुएं के स्थान पर केवल शुद्ध पानी और भाप का निकास होता है।
—
