ट्रेनों और स्टेशनों पर छूटा 98 फीसदी सामान सुरक्षित लौटा

तीन साल में 1.16 लाख से अधिक यात्रियों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

 

शिवानी सिंह

नई दिल्ली, 23 अक्तूबर।
भारतीय रेल में यात्रा के दौरान पिछले तीन वर्षों में यात्रियों का 1.18 लाख से अधिक कीमती सामान ट्रेनों और स्टेशनों पर छूट गया। हालांकि, रेलवे की मुस्तैदी और आरपीएफ की सतर्कता के चलते इसमें से 98 प्रतिशत सामान सुरक्षित उनके मालिकों तक पहुंचा दिया गया है। यह उपलब्धि सिर्फ एक प्रशासनिक आंकड़े की सफलता नहीं, बल्कि उन हजारों परिवारों के लिए बड़ी राहत की बात है, जिनकी जिंदगी भर की कमाई, अहम दस्तावेज, लैपटॉप और मोबाइल जैसी बहुमूल्य वस्तुएं सुरक्षित उनके हाथों में पहुंच गई हैं।

रेलवे मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2023 से 2025 के बीच कुल 1,18,677 सामान यात्रियों द्वारा ट्रेन या स्टेशन पर छोड़े जाने के बाद बरामद किए गए। इनमें से 1,16,901 वस्तुएं पूरी तरह सत्यापन के बाद सही दावेदारों को सौंप दी गईं। यदि औसत निकालें, तो हर दिन लगभग 108 वस्तुएं रेल यात्रियों द्वारा छूटती हैं, जिनमें से करीब 107 वस्तुएं प्रतिदिन उनके मालिकों तक वापस पहुंच जाती हैं। इन तीन वर्षों में केवल 1,776 वस्तुएं ही ऐसी रहीं जिन पर किसी ने दावा नहीं किया, जो कुल बरामद सामान का मात्र 1.5 फीसदी है। यह आंकड़ा रेलवे की त्वरित कार्रवाई और मजबूत सुरक्षा तंत्र को दर्शाता है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यात्री सबसे अधिक बैग, सूटकेस, मोबाइल फोन, पर्स, लैपटॉप, पावर बैंक, गहने, नकदी और जरूरी दस्तावेज भूल जाते हैं। इस व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), ऑनबोर्ड स्टाफ, स्टेशन मास्टर, टीटीई और रखरखाव डिपो के कर्मियों को विशेष रूप से संवेदनशील बनाया गया है। बिना मालिक का कोई भी सामान मिलने पर उसे तुरंत नजदीकी आरपीएफ पोस्ट या स्टेशन मास्टर को सौंपा जाता है, जहां ‘खोई हुई संपत्ति रजिस्टर’ में उसकी प्रविष्टि की जाती है। इसके बाद मालिक की पहचान और दावे की सटीक जांच कर सामान लौटाया जाता है।

आर्थिक दृष्टि से भी यह आंकड़े बेहद महत्वपूर्ण हैं। रेल मंत्रालय के नवंबर 2025 के आंकड़ों के अनुसार, केवल जनवरी से अक्टूबर 2025 के बीच ही 42,210 वस्तुएं बरामद हुईं, जिनकी अनुमानित कीमत 70.66 करोड़ रुपये थी। अकेले अक्टूबर 2025 में 7,894 वस्तुएं बरामद की गईं, जिनका मूल्य लगभग 8.65 करोड़ रुपये आंका गया।

यदि किसी यात्री का सामान सफर के दौरान छूट जाता है, तो वह तुरंत ‘रेल मदद’ पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा सकता है या 139 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर सकता है, जो आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली के नंबर 112 से भी जुड़ी है। इसके अलावा रेलवे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के माध्यम से भी यात्रियों की मदद करता है। वहीं, यदि तीन महीने तक कोई सामान लेने नहीं आता, तो नियमों के तहत सार्वजनिक नीलामी की प्रक्रिया अपनाई जाती है, जिसके लिए कम से कम सात दिन पहले सार्वजनिक सूचना जारी की जाती है, ताकि असली मालिक को आखिरी मौका मिल सके। मोबाइल, लैपटॉप और पेन-ड्राइव जैसे डिजिटल उपकरणों में बैंक विवरण और व्यक्तिगत डेटा होने के कारण इनकी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाता है।

—