गुजरात को मिलेंगी दो नई रेल सेवाओं की सौगात, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 30 अक्टूबर को दिखाएंगे हरी झंडी

श्री बहुचर माता और श्री काशी विश्वनाथ के श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी

शिवानी सिंह

अहमदाबाद, 29 अक्टूबर 2026।
माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 30 अक्टूबर 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गुजरात में दो नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इनमें साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस तथा महेसाणा–बेचराजी–साबरमती मेमू ट्रेन सेवा शामिल हैं।

इस अवसर पर साबरमती स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री, गुजरात सरकार दर्शनाबेन वाघेला, महापौर, अहमदाबाद हितेशभाई बारोट, सांसद हसमुखभाई पटेल, सांसद दिनेशभाई मकवाना, विधायक डॉ. हर्षदभाई पटेल, विधायक जगदीशभाई विश्वकर्मा, विधायक कौशिक जैन सहित अन्य विधायकगण एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।

बेचराजी स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में माननीय सांसद हरिभाई पटेल, सांसद मयंक नायक, सांसद राजेश शुक्ला, सांसद चंदूभाई सिहोरा, विधायक सुखाजी ठाकोर सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।

अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने इन नई रेल सेवाओं के शुभारंभ को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा, माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारतीय रेलवे आधुनिक, सुलभ एवं यात्री-केंद्रित परिवहन व्यवस्था की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही है।गुजरात को साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस तथा महेसाणा–बेचराजी–साबरमती मेमू के रूप में दो नई रेल सेवाओं की सौगात मिलना क्षेत्रीय एवं अंतरराज्यीय रेल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस से गुजरात, राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा तथा श्री काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।
वहीं, महेसाणा–बेचराजी–साबरमती मेमू सेवा से उत्तर गुजरात के दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों एवं व्यापारियों को विशेष लाभ मिलेगा। साथ ही, प्रसिद्ध श्री बहुचर माता मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेल यात्रा अधिक सुगम होगी।
इन दोनों रेल सेवाओं से धार्मिक पर्यटन, स्थानीय व्यापार, औद्योगिक गतिविधियों एवं क्षेत्रीय आर्थिक विकास को नई गति मिलने की अपेक्षा है। अहमदाबाद मंडल यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक, विश्वसनीय एवं बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने तथा रेल कनेक्टिविटी के निरंतर विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।”

साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस से तीन राज्यों के बीच रेल संपर्क होगा मजबूत

नई ट्रेन संख्या 12205/12206 साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों को रेल नेटवर्क से जोड़ेगी। यह ट्रेन प्रतिदिन संचालित होगी तथा यात्रियों को अहमदाबाद और वाराणसी के बीच सुविधाजनक रेल यात्रा का विकल्प प्रदान करेगी।
इस ट्रेन के शुरू होने से श्रद्धालुओं, पर्यटकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को लाभ मिलेगा। विशेष रूप से वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ धाम एवं अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह सेवा सुविधाजनक साबित होगी। इसके अतिरिक्त, गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों के बीच व्यापारिक, पर्यटन एवं सामाजिक संपर्क को भी बढ़ावा मिलेगा।
ट्रेन संख्या 12205 साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस साबरमती से सुबह 05:20 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 06:30 बजे वाराणसी पहुंचेगी। इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 12206 वाराणसी–साबरमती एक्सप्रेस वाराणसी से शाम 17:30 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन 20:15 बजे साबरमती पहुंचेगी।
मार्ग में यह ट्रेन दोनों दिशाओं में महेसाणा, पालनपुर, आबूरोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, मंडावर महवा रोड, खेड़ली, नदबई, भरतपुर, इदगाह आगरा जंक्शन, टूंडला जंक्शन, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज और मिर्जापुर स्टेशनों पर ठहरेगी।

महेसाणा–बेचराजी–साबरमती मेमू सेवा से क्षेत्रीय रेल कनेक्टिविटी को मिलेगा बढ़ावा

महेसाणा–बेचराजी–साबरमती मेमू ट्रेन सेवा शुरू होने से महेसाणा, पाटण तथा आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर रेल परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। इस सेवा के माध्यम से साबरमती, चांदखेड़ा, कलोल, कड़ी, भोयाणी, कटोसन रोड, बेचराजी, चाणस्मा, रणुज और महेसाणा सहित मार्ग के प्रमुख स्टेशन आपस में जुड़ेंगे।
यह सेवा विशेष रूप से दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, औद्योगिक कर्मचारियों तथा बेचराजी स्थित श्री बहुचर माता मंदिर में दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए लाभकारी होगी। इस रेल सेवा के अंतर्गत यात्रियों को सुबह और शाम दोनों समय यात्रा के विकल्प उपलब्ध होंगे।

श्री बहुचर माता मंदिर के श्रद्धालुओं को मिलेगी विशेष सुविधा

गुजरात के महेसाणा जिले में स्थित श्री बहुचर माता मंदिर प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। नई मेमू रेल सेवा से श्रद्धालुओं को बेचराजी आने-जाने के लिए सुविधाजनक परिवहन विकल्प मिलेगा।
बेचराजी क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों और स्थानीय आवागमन की बढ़ती आवश्यकताओं को देखते हुए यह रेल सेवा महत्वपूर्ण साबित होगी। इससे स्थानीय निवासियों के साथ-साथ आसपास के गांवों के लोगों को भी लाभ मिलेगा।

क्षेत्रीय आर्थिक एवं सामाजिक विकास को मिलेगी गति

इस सेवा से स्थानीय नागरिकों को सुविधाजनक एवं किफायती रेल परिवहन का विकल्प उपलब्ध होगा। बेहतर रेल संपर्क से क्षेत्र में व्यापार, रोजगार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
रेल परिवहन के बेहतर विकल्प उपलब्ध होने से सड़क परिवहन पर निर्भरता कम करने में भी सहायता मिल सकती है। साथ ही, पर्यावरण के अनुकूल रेल परिवहन को बढ़ावा देकर क्षेत्र के सतत विकास में योगदान दिया जा सकेगा।

मेमू ट्रेन की समय-सारणी

सुबह की ट्रेन सेवा: साबरमती से सुबह 06:40 बजे प्रस्थान कर ट्रेन 08:05 बजे बेचराजी पहुंचेगी। बेचराजी से 08:07 बजे प्रस्थान कर यह ट्रेन 09:45 बजे महेसाणा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन महेसाणा से शाम 16:40 बजे प्रस्थान कर 17:49 बजे बेचराजी पहुंचेगी। बेचराजी से 17:51 बजे प्रस्थान कर यह ट्रेन 20:30 बजे साबरमती पहुंचेगी।

शाम की ट्रेन सेवा: साबरमती से शाम 17:05 बजे प्रस्थान कर ट्रेन 18:48 बजे बेचराजी पहुंचेगी। बेचराजी से 18:50 बजे प्रस्थान कर यह ट्रेन 20:25 बजे महेसाणा पहुंचेगी। इसी तरह यह ट्रेन महेसाणा से सुबह 07:05 बजे प्रस्थान कर 07:50 बजे बेचराजी पहुंचेगी। बेचराजी से 07:52 बजे प्रस्थान कर यह ट्रेन 10:20 बजे साबरमती पहुंचेगी।
मार्ग में दोनों ट्रेनें चांदखेड़ा, कलोल, कड़ी, भोयाणी, कटोसन रोड, बेचराजी, चाणस्मा एवं रणुज स्टेशनों पर ठहरेंगी।

यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

इन दोनों नई रेल सेवाओं का शुभारंभ गुजरात में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने और यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जहां साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस अंतरराज्यीय रेल संपर्क एवं धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगी, वहीं महेसाणा–बेचराजी–साबरमती मेमू सेवा क्षेत्रीय आवागमन को अधिक सुविधाजनक बनाएगी