-पूर्व कनेक्टिविटी को बड़ा तोहफा: भुज और बरौनी के बीच शुरू होगी नई अमृत भारत एक्सप्रेस

बिहार के रेल यात्रियो को मिली नई ट्रेन

शिवानी सिंह

नई दिल्ली।

देश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के बीच रेल नेटवर्क को और मजबूत करने की दिशा में भारतीय रेलवे ने यात्रियों को बड़ा तोहफा दिया है। रेलवे बोर्ड ने गुजरात के भुज से बिहार के बरौनी जंक्शन के बीच एक नई त्रि-साप्ताहिक ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ ट्रेन सेवा शुरू करने की मंजूरी दे दी है। यह नई रेल सेवा कुल 2,532 किलोमीटर का लंबा सफर तय करते हुए देश के चार प्रमुख राज्यों—गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार—के विभिन्न सांस्कृतिक और व्यावसायिक केंद्रों को सीधे आपस में जोड़ेगी।
रेल मंत्रालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 19427 भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस भुज से प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शनिवार को शाम 17:30 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन तड़के 04:05 बजे बरौनी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 19428 बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस बरौनी जंक्शन से प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को देर रात 23:55 बजे प्रस्थान करेगी और तीसरे दिन दोपहर 13:15 बजे भुज पहुंचेगी।
2,532 किलोमीटर लंबे इस रूट पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है। यह ट्रेन रास्ते में समाखियाली, अहमदाबाद, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, मथुरा, हाथरस, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, लखीमपुर, गोंडा, गोरखपुर, सीवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर जैसे प्रमुख शहरों व जंक्शनों से होकर गुजरेगी।
इस नई ट्रेन सेवा के शुरू होने से गुजरात में कार्यरत बिहार, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के प्रवासियों को आवागमन के लिए एक सुलभ और किफायती विकल्प मिलेगा। इसके साथ ही अहमदाबाद जैसे औद्योगिक केंद्र और कोटा जैसे शैक्षणिक हब सीधे उत्तर भारत के इलाकों से जुड़ जाएंगे, जिससे क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और रोजगार को भी नया बढ़ावा मिलेगा।