शिवानी सिंह
नई दिल्ली 10 नवंबर।
देश भर में सड़क हादसों के खौफनाक आंकड़ों पर लगाम कसने के लिए केंद्र सरकार ने अब सूचना प्रौद्योगिकी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को अपना मुख्य हथियार बना लिया है। जीपीएस मैपिंग, ई-डीएआर पोर्टल और ट्रिपल इंटीग्रेशन की आधुनिक डिजिटल ताकत के दम पर सरकार ने देश के 1,500 हाई-रिस्क कॉरिडोर और 30,000 से अधिक खतरनाक ‘ब्लैक स्पॉट्स’ को मिशन मोड में सुरक्षित करने का एक ऐतिहासिक अभियान छेड़ दिया है। शुरुआती पायलट प्रोजेक्ट्स में इस डेटा-ड्रिवन मॉडल की सफलता का डंका बज चुका है, जहाँ सड़क मौतों में 30 से 60 फीसदी तक की भारी गिरावट दर्ज की गई है।
कागजी खानापूर्ति खत्म, रियल-टाइम में दर्ज होगा हर डेटा
सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस अत्याधुनिक तकनीक से देश में सड़क सुरक्षा की पूरी तस्वीर बदलने जा रही है। अब कागजी खानापूर्ति और देरी से मिलने वाली रिपोर्टों का दौर पूरी तरह समाप्त हो गया है। इलेक्ट्रॉनिक विस्तृत दुर्घटना रिपोर्ट (ई-डीएआर) पोर्टल के जरिए रियल-टाइम डेटा और AI की मदद से ब्लैक स्पॉट्स की पहचान की जा रही है।
पारंपरिक व्यवस्था में दुर्घटना होने के बाद पुलिस रिपोर्ट, गवाहों के बयान और कारणों के विश्लेषण में हफ्तों या महीनों का समय लग जाता था, जिससे सुधारात्मक कदम उठाने में भारी देरी होती थी। इसके विपरीत, ई-डीएआर तकनीक ने इस पूरी प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल, पारदर्शी और तात्कालिक बना दिया है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी सीधे इस पोर्टल पर घटना की सटीक जीपीएस (जीपीएस) लोकेशन, सड़क का ढलान, समय, वाहन का प्रकार और संभावित कारण डिजिटल रूप से दर्ज करते हैं।
—
एआई करेगा पैटर्न विश्लेषण, हादसों से पहले मिलेगी सटीक जानकारी
मंत्रालय के अनुसार, यह तकनीक सर्दियों में सुबह 4 से 8 बजे के बीच कोहरे के कारण होने वाली टक्करों और शाम 6 से रात 12 बजे के बीच ओवरस्पीडिंग व ड्रंक-ड्राइविंग के हॉटस्पॉट का स्वतः विश्लेषण करती है। इसी डेटा के आधार पर पुलिस और लोकल प्रशासन को ठीक उसी समय और स्थान पर फोर्स तैनात करने का सटीक इनपुट मिल जाता है, जिससे हादसों को वक्त रहते रोका जा सके।
—
पायलट प्रोजेक्ट में मिली बड़ी सफलता, अब पूरे देश में लागू होगा फॉर्मूला
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे (एनएच-48) के चुनिंदा खतरनाक खंडों पर ई-डीएआर आधारित डेटा और रि-डिजाइनिंग मॉडल का पायलट परीक्षण किया गया था। इस दौरान सड़क हादसों में होने वाली मौतों में 30 से 60 प्रतिशत तक की भारी कमी देखी गई।
अब इसी सफल फॉर्मूले को देश भर में व्यापक पैमाने पर लागू किया जा रहा है। दिल्ली-एनसीआर, कानपुर, आगरा, लखनऊ, वाराणसी, जयपुर, लुधियाना, पटना और मेरठ जैसे प्रमुख शहरों व क्षेत्रों में फैले 1,500 हाई-रिस्क कॉरिडोर और 30,000 ब्लैक स्पॉट्स को मिशन मोड में सुरक्षित करने का काम तेजी से शुरू हो गया है।
————
