नेत्र ट्रेनों की टक्कर से अब बचेगी बेजुबानों की जान

एआई-सेंसर तकनीक से लैस स्वदेशी नेत्र प्रणाली तैयार

 

शिवानी सिंह

नई दिल्ली, 6 नवंबर
देश में सेमी हाई-स्पीड ट्रेनों की रफ़्तार जितनी तेज़ी से बढ़ रही है, पटरियों पर हाथियों, बाघों और अन्य वन्यजीवों की सुरक्षा उतनी ही बड़ी चुनौती बनती जा रही है। इस समस्या से निपटने के लिए शोधकर्ताओं ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और सेंसर तकनीक पर आधारित एक बेहद किफायती और स्वदेशी प्रोटोटाइप नेत्रा विकसित किया है। बिना इंटरनेट के काम करने वाली यह तकनीक पटरियों पर किसी भी जानवर या रुकावट की मौजूदगी का तुरंत पता लगाकर लोको पायलट को समय रहते सतर्क करने में पूरी तरह सक्षम है। रेलवे बोर्ड से हरी हरी झंडी मिलने के बाद इसे संवेदनशील रूटों पर लागू करने की तैयारी है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक नेत्रा (स्मार्ट रेलवे ऑब्स्ट्रक्शन डिटेक्शन सिस्टम) आईओटी, कंप्यूटर विज़न और बिना इंटरनेट वाले लोरा संचार पर आधारित है। यह पटरी के पास इंसान, बड़े जानवरों और किसी भी अवरोध को खुद पहचान कर लोको पायलट को चेतावनी भेजता है। इसके परीक्षण के दौरान 95 प्रतिशत सटीक परिणाम सामने आए हैं। इस दौरान 42 मानव घुसपैठ, 15 पशुओं की घुसपैठ, 8 हाथी क्रॉसिंग और 12 पटरी-अवरोध जैसी घटनाओं को सफलतापूर्वक चिन्हित किया गया।

तकनीकी रूप से यह सिस्टम पीआईआर मोशन और अल्ट्रासोनिक सेंसर के ज़रिए हलचल भांपकर मुख्य कैमरे को सक्रिय करता है। इसके बाद एज-एआई मॉडल स्थानीय स्तर पर तस्वीर की जांच करता है और खतरा पुख्ता होते ही महज़ 2.4 सेकंड के भीतर लोको पायलट तक चेतावनी संदेश पहुंचा देता है।

देशभर में विस्तार की तैयारी और लागत की खूबी
यह प्रणाली वर्तमान में उत्तर पूर्व सीमांत रेलवे (एनएफआर) के 141 रूट किलोमीटर पर सबसे संवेदनशील हाथी कॉरिडोर में सफलतापूर्वक काम कर रही है। इसके अलावा देश भर में 981 रूट किलोमीटर के दायरे में इसके विस्तार के लिए टेंडर भी दिए जा चुके हैं। सरकार 2026-2028 के दौरान दो चरणों में इसे लागू करने की योजना बना रही है। रात में वन्यजीवों की पहचान के लिए थर्मल विजन कैमरों के परीक्षण भी जारी हैं।

नेत्रा की सबसे बड़ी खूबी इसकी कम लागत है। इसकी स्थापना पर प्रति किलोमीटर महज़ 247 अमेरिकी डॉलर का खर्च आता है, जो पारंपरिक प्रणालियों की तुलना में करीब 75 प्रतिशत तक कम है।

हादसों के डरावने आंकड़े
पर्यावरण मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले पाँच वर्षों (2020-21 से 2024-25) के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से देश भर में कुल 79 हाथियों की जान गई है। इसमें अकेले असम में 25, ओडिशा में 18, उत्तराखंड में 13, झारखंड में 5, केरल में 4 और तमिलनाडु में 4 हाथियों की मौत दर्ज की गई है। ऐसे में ‘नेत्रा’ जैसी तकनीक इन बेजुबानों की जान बचाने में एक बड़ा मील का पत्थर साबित हो सकती है।
————-

Tags: