मननीयों की सिफारिश पर ब्रेक, रफ्तार को हरी झंडी: 2027 में बदलेगी रेल की चाल, पर जेब होगी ढीली

नए साल यानी 2027 के टाइम-टेबल में ट्रेनों की बदलेगी चाल

शिवानी सिंह

नई दिल्ली, 26 नवंबर।
भारतीय रेलवे अब सियासी सिफारिशों के बजाय डेटा के ट्रैक पर दौड़ने की तैयारी कर रहा है। नए साल यानी 2027 के टाइम-टेबल में रेलवे देश की सैकड़ों सुस्त मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का कायाकल्प कर उन्हें सुपरफास्ट बनाने जा रहा है। इस फैसले से लंबी दूरी के यात्रियों का सफर तो छोटा होगा, लेकिन इसके बदले उन्हें दोहरी कीमत चुकानी होगी—पहला, छोटे स्टेशनों से ट्रेनों का ठहराव छिनेगा और दूसरा, सुपरफास्ट सरचार्ज के रूप में किराया भी बढ़ जाएगा।

दरअसल, अब तक जनप्रतिनिधियों और माननीयों के दबाव में छोटे-छोटे स्टेशनों पर ट्रेनों के स्टॉपेज दे दिए जाते थे, जिससे मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों की औसत रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा तक सिमट कर रह गई थी। रेलवे बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, इस परिपाटी को खत्म करने के लिए ‘जीरो-बेस्ड टाइम-टेबलिंग’ के तहत आंतरिक सॉफ्टवेयर सिमुलेशन शुरू कर दिया गया है। अब किसी भी स्टेशन पर ट्रेन रुकेगी या नहीं, इसका फैसला किसी नेता की चिट्ठी से नहीं, बल्कि उस स्टेशन से होने वाली टिकट बिक्री के आंकड़ों से होगा। जिन स्टेशनों से तय मानक से कम टिकट बिकते हैं, वहां के गैर-जरूरी स्टॉपेज हटा दिए जाएंगे।

इस कवायद के पीछे रेलवे का दोहरा मकसद है। अनावश्यक ठहराव खत्म होने से जिन मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों की औसत गति 55 किलोमीटर प्रतिघंटा या उससे अधिक हो जाएगी, उन्हें सुपरफास्ट श्रेणी में अपग्रेड कर दिया जाएगा। इससे यात्री ट्रेनों के समय पालन में सुधार होगा और ट्रैक पर खाली स्लॉट मिलने से मालगाड़ियों की आवाजाही भी तेज होगी, जिससे रेलवे की माल ढुलाई आय बढ़ेगी। हालांकि, इस अपग्रेडेशन का सीधा असर यात्री की जेब पर पड़ेगा। ट्रेन के सुपरफास्ट होते ही प्रति टिकट जनरल और सेकंड सीटिंग में 15 रुपये, स्लीपर में 30 रुपये, एसी चेयर कार, एसी-2 व एसी-3 में 45 रुपये और फर्स्ट एसी में 75 रुपये का अतिरिक्त सुपरफास्ट सरचार्ज देना होगा। गौरतलब है कि देश में रोजाना चलने वाली 1,700 से अधिक नियमित मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में से करीब 700 से 800 ट्रेनें फिलहाल गैर-सुपरफास्ट श्रेणी में हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से इस नए ढांचे में ढाला जाएगा।
————