बारापुला एलिवेटेड रोड के तीसरे चरण का अमित शाह ने किया उद्घाटन, मयूर विहार से एम्स तक मिलेगा सिग्नल मुक्त सफर

शिवानी सिंह

नई दिल्ली।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को दिल्ली में बारापुला एलिवेटेड रोड के तीसरे चरण और मुकरबा चौक अंडरपास का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने मोदी मिल-सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर और लोनी अंडरपास की आधारशिला रखी। करीब 1,941 करोड़ रुपये की इन सड़क परियोजनाओं से पूर्वी, दक्षिणी और उत्तरी दिल्ली के बीच संपर्क बेहतर होने और प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है।

बारापुला एलिवेटेड रोड के तीसरे चरण के शुरू होने से मयूर विहार चरण-एक से सराय काले खां होते हुए एम्स की ओर सिग्नल मुक्त आवागमन की सुविधा मिलेगी। नया हिस्सा सराय काले खां में पहले से मौजूद बारापुला एलिवेटेड रोड से जुड़ता है, जिससे करीब नौ किलोमीटर लंबा निर्बाध मार्ग तैयार हो गया है। इससे पूर्वी दिल्ली और नोएडा की ओर से दक्षिणी दिल्ली जाने वाले यात्रियों को विशेष रूप से फायदा मिलने की उम्मीद है।

बारापुला के तीसरे चरण की संशोधित लागत करीब 1,635 करोड़ रुपये है। परियोजना को वर्ष 2014 में मंजूरी मिली थी और निर्माण कार्य 2015 में शुरू हुआ था। इसे मूल रूप से 2017 तक पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन विभिन्न कारणों से इसमें देरी हुई। इस परियोजना में यमुना के बाढ़ क्षेत्र के ऊपर विशेष पुल संरचना के साथ पैदल यात्रियों और साइकिल सवारों के लिए भी सुविधाएं विकसित की गई हैं।

35-40 मिनट का सफर करीब 15 मिनट में पूरा होने की उम्मीद

बारापुला एलिवेटेड रोड के तीसरे चरण के शुरू होने से पूर्वी दिल्ली से एम्स की ओर यात्रा में लगने वाला समय कम होने की उम्मीद है। अधिकारियों के अनुसार यातायात की स्थिति के आधार पर करीब 35 से 40 मिनट का सफर लगभग 15 मिनट में पूरा हो सकता है। नए मार्ग से सतही सड़कों और प्रमुख चौराहों पर यातायात का दबाव भी कम होने की संभावना है।

मुकरबा चौक अंडरपास से उत्तरी दिल्ली को राहत

अमित शाह ने उत्तरी दिल्ली में मुकरबा चौक अंडरपास का भी उद्घाटन किया। परियोजना के तहत हैदरपुर बादली मोड़ मेट्रो स्टेशन के पास तीन अंडरपास बनाए गए हैं। यह क्षेत्र बाहरी रिंग रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग-44 से आने-जाने वाले वाहनों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है। नई व्यवस्था से मुकरबा चौक और आसपास के क्षेत्रों में यातायात की आवाजाही सुगम होने की उम्मीद है।

मोदी मिल-सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर की रखी आधारशिला

दक्षिण दिल्ली में यातायात जाम कम करने के लिए मोदी मिल-सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर परियोजना की भी आधारशिला रखी गई। इसके तहत मौजूदा मोदी मिल फ्लाईओवर को कालकाजी की ओर बढ़ाने और सावित्री सिनेमा चौराहे पर अतिरिक्त फ्लाईओवर बनाने की योजना है। इन कार्यों से कालकाजी, नेहरू प्लेस, ग्रेटर कैलाश और आसपास के इलाकों में यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है।

लोनी अंडरपास से शाहदरा की ओर आवागमन होगा सुगम

लोनी क्षेत्र में प्रस्तावित अंडरपास की भी आधारशिला रखी गई। इसका उद्देश्य लोनी और शाहदरा के बीच आवागमन को बेहतर करना और व्यस्त मार्ग पर यातायात की बाधाओं को कम करना है। इन सभी परियोजनाओं के जरिए दिल्ली के पूर्वी, दक्षिणी और उत्तरी हिस्सों में सड़क संपर्क को मजबूत करने तथा रोजाना आवागमन को अधिक सुगम बनाने का लक्ष्य रखा गया है।