अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर बुनियाद केंद्र में बुजुर्गों का सम्मान
सकारात्मक सोच और अच्छी जीवनशैली स्वस्थ इंसान के लिए बेहद जरूरी है:-डॉ प्रमोद स्टीफन
1अक्टूबर 2026।
मोतिहारी, पूर्वी चंपारण। ब्यूरो रिपोर्ट
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर 2026 को बुनियाद केंद्र, मोतिहारी में जिला कल्याण विभाग और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बुजुर्गों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सुगौली से डॉ. प्रमोद स्टीफन, प्रो. किशोरी प्रसाद भारती, राजू ठाकुर, श्रवण पासवान, डॉ. प्रवीण स्टीफन, सौरभ गिरी और मुन्ना कुमार सहित कई लोग शामिल हुए। अपने संबोधन में डॉ. प्रमोद स्टीफन ने स्वस्थ खान-पान, मनोरंजन और बेहतर जीवनशैली को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और अच्छी जीवनशैली के माध्यम से उम्र बढ़ने के बावजूद उत्साह और ऊर्जा बनाए रखी जा सकती है। उन्होंने अपने उदाहरण का उल्लेख करते हुए बताया कि 69 वर्ष की उम्र में भी उनके बाल, दाढ़ी, मूंछ और भौंहें काली हो रही हैं।
प्रो. किशोरी प्रसाद भारती ने कहा कि बुजुर्ग परिवार के सदस्यों, विशेषकर बेटे-बेटियों और पोते-पोतियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर प्रेमपूर्ण और खुशहाल जीवन जी सकते हैं। कार्यक्रम का संचालन अज़हर हुसैन अंसारी ने किया। जिला जज, सहायक निदेशक रत्नेश्वरी शर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने बुजुर्गों की चुनौतियों और युवा पीढ़ी के साथ बेहतर सामंजस्य बनाए रखने के महत्व पर विचार रखे। कार्यक्रम के अंत में सभी वृद्धजनों को गुलाब का फूल और गमछा देकर सम्मानित किया गया।