मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे, गुरुग्राम में अमित शाह बोले- 7 अक्टूबर भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का महत्वपूर्ण दिन

शिवानी सिंह
नई दिल्ली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को गुरुग्राम में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘विकसित भारत संकल्प सभा-सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 7 अक्टूबर भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने कहा कि मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 25 वर्ष तक सरकार का नेतृत्व किया है।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर के जिलों में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि इन यात्राओं के माध्यम से युवा विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर सेवा की मशाल स्थापित कर रहे हैं। शाह ने लोगों से इस अभियान में भाग लेने की अपील की।
25 साल की यात्रा को बताया अहम पड़ाव

शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में लंबे समय तक जिम्मेदारी संभालते हुए करोड़ों लोगों को साथ लेकर काम किया। उन्होंने मोदी के 25 वर्ष के राजनीतिक सफर को भारतीय लोकतंत्र में एक उल्लेखनीय पड़ाव बताया। शाह ने अपने संबोधन में सरकार के कार्यकाल के दौरान किए गए विभिन्न फैसलों और विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।

मोदी ने जताया 140 करोड़ देशवासियों का आभार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी 25 वर्ष की जनसेवा पूरी होने के अवसर पर देशवासियों के विश्वास और समर्थन के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि आगे भी वह देश की सेवा के लिए और अधिक प्रतिबद्धता के साथ काम करते रहेंगे। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि उनका जीवन का प्रत्येक क्षण भारत की सेवा के लिए समर्पित रहेगा।

7 अक्टूबर 2001 को संभाली थी गुजरात के मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी

नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद मई 2014 में उन्होंने प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली। इस तरह 7 अक्टूबर 2026 को सरकार के प्रमुख के रूप में उनके 25 वर्ष पूरे हुए।