इंद्रप्रस्थ छठ पूजा महासंघ के अध्यक्ष संतोष ओझा दिल्ली सरकार की छठ पूजा समिति के सदस्य मनोनीत
छठ महापर्व को सुचारू रूप से मनाने की जिम्मेदारी हम सभी की है:- संतोष झा
अनिल सिंह चौहान
नई दिल्ली।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार द्वारा गठित छठ पूजा-2026 समिति में इंद्रप्रस्थ छठ पूजा महासंघ के अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता संतोष ओझा को सदस्य मनोनीत किया गया है। इस समिति की अध्यक्षता दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा करेंगे। यह हाई पावर समिति छठ पूजा स्थलों, एनओसी, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश, चिकित्सा, सुरक्षा, यातायात, अग्निशमन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की समीक्षा करेगी। ताकि इस महापर्व का आयोजन अति व्यवस्थित रूप में सरकार और श्रद्धालुओं के समन्वय से किया जाए। रेखा गुप्ता सरकार द्वारा परंपरा, संस्कृति और सनातन आस्था से जुड़े पर्वों को निरंतर विशेष महत्व दिया जा रहा है और इस वर्ष भी छठ पूजा समिति का गठन इसी प्राथमिकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। संतोष ओझा की अध्यक्षता वाली इंद्रप्रस्थ छठ पूजा महासंघ दिल्ली में विभिन्न छठ पूजा समितियों को एक साझा मंच पर लाने तथा छठ महापर्व से जुड़े आयोजनों, व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित विषयों पर प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने का कार्य करती है। महासंघ का उद्देश्य दिल्ली में छठ पूजा के आयोजनों को सुव्यवस्थित, गरिमापूर्ण एवं श्रद्धालु-केंद्रित बनाने के साथ-साथ पूर्वांचल की सांस्कृतिक परंपराओं और लोक आस्था को सम्मानपूर्वक आगे बढ़ाना है। महासंघ के माध्यम से दिल्ली की विभिन्न छठ पूजा समितियों की सामूहिक आवश्यकताओं, सुझावों और समस्याओं को दिल्ली सरकार, डीडीए तथा संबंधित विभागों के समक्ष रखा जा रहा है। छठ घाटों की व्यवस्था, स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा, संपर्क मार्ग और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े विषयों को लेकर प्रशासन के साथ लगातार संवाद स्थापित किया जा रहा है।