ड्राइविंग व्यवहार तय करेगा आपके बीमा प्रीमियम की राशि

-रैश ड्राइविंग पर 100 प्रतिशत बढ़ेगी राशि, नियम पालन पर 40 फीसदी की छूट होगी

नई दिल्ली, अनिल सिंह चौहान
अगर आप सड़क पर रफ्तार के शौकीन हैं और ट्रैफिक नियमों को हल्के में लेते हैं, तो अपनी आदत बदल लीजिए। सरकार सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए एक नया कानून लागू करने रही है, जिसके तहत अब आपके ड्राइविंग व्यवहार से वाहन के बीमा का प्रीमियम तय होगा। यातायात नियमों का माखौल उठाने
आपकी प्रीमियम राशि 100 प्रतिशत बढ़ जाएगी। जबकि सुरक्षित ड्राइविंग करने वालों को प्रीमियम में 40 फीसदी तक की भारी छूट मिलेगी। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, भारत में होने वाली 70 प्रतिशत सड़क दुर्घटनाएं ड्राइवरों की लापरवाही के कारण होती हैं।
सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि काफी समय से यह व्यवस्था वैकल्पिक थी, लेकिन मंत्रालय व बीमा नियामक (आईआरडीएआई) के बीच हुई हालिया बैठकों में इसे कानूनी रूप से अनिवार्य करने पर सहमति बन गई है। नए नियम के तहत सभी नई प्राइवेट और कमर्शियल गाड़ियों में निर्माण के स्तर पर ही एक खास टेलीमैटिक्स (ई-सिम आधारित ट्रैकिंग सिस्टम) लगाना कंपनियों के लिए अनिवार्य होगा। यह डिवाइस गाड़ी की रफ्तार, अचानक लगने वाले हार्ड-ब्रेक और रैश ड्राइविंग के पैटर्न को हर वक्त ट्रैक करेगी।
यह सिस्टम केंद्रीय वाहन पोर्टल और राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगे आधुनिक एआई कैमरों के नेटवर्क से सीधे सिंक रहेगा। अधिकारी ने बताया कि इससे ड्राइवर के व्यवहार के अनुसार उसका ड्राइविंग क्रेडिट स्कोर सरकारी सर्वर पर दर्ज होता रहेगा। इससे बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर न केवल शिकंजा कसा जा सकेगा, बल्कि यह आर्थिक चोट वाहन चालकों को खुद-ब-खुद नियम मानने पर मजबूर करेगी।
———————–
बॉक्स
प्रीमियम में बड़ी छूट: यदि आपका ड्राइविंग स्कोर 85 फीसदी से ऊपर (यानी आप ओवरस्पीडिंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग या अचानक हार्ड-ब्रेक नहीं लगाते) रहता है, तो आपको अगले साल के कुल बीमा के प्रीमियम पर 30 से 40 प्रतिशत तक का सीधा डिस्काउंट मिलेगा।
प्रीमियम होगा दोगुना: वहीं, यदि आप बार-बार गति सीमा तोड़ते हैं और आपका स्कोर 50 प्रतिशत से नीचे गिर जाता है, तो आपका प्रीमियम सीधे 100 प्रतिशत तक बढ़ जाएगा।
थर्ड-पार्टी बीमा: सरकार ने अब तक थर्ड-पार्टी बीमा की दरें सबके लिए एक समान और फिक्स रखी थीं। लेकिन नए नियमों के तहत अब थर्ड-पार्टी प्रीमियम भी सीधे आपके इसी ड्राइविंग स्कोर से लिंक कर दिया जाएगा, जिससे खराब ड्राइवरों के लिए गाड़ी का बीमा रिन्यू कराना बेहद महंगा होगा।
———————-

Tags: