असम में रेल हादसा ट्रेन संचालन कर्मियों के सामूहिक लापरवाही से हुआ : जांच रिपोर्ट

दुर्घटना में 50 से अधिक यात्रियों को मामूली चोटों के साथ बचा लिया गया

 

शिवानी सिंह

नई दिल्ली, 13 नवंबर।
असम के कामरूप क्षेत्र में हुए कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस हादसे की आधिकारिक जांच रिपोर्ट सामने आ गई है, जिसने रेलवे सुरक्षा प्रणालियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच में यह खुलासा हुआ है कि यह भीषण दुर्घटना किसी एक व्यक्ति की गलती नहीं, बल्कि ट्रेन संचालन से जुड़े कर्मचारियों की सामूहिक और गंभीर लापरवाही का नतीजा थी। तकनीकी खामियों के साथ-साथ नियमों की अनदेखी के चलते लोकोमोटिव का त्रिस्तरीय ब्रेक सिस्टम पूरी तरह ठप हो गया था, हालांकि गनीमत रही कि इस दुर्घटना में 50 से अधिक यात्रियों को मामूली चोटों के साथ बचा लिया गया और कोई बड़ा जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, इस पूरी घटना की शुरुआत एक मामूली तकनीकी खराबी से हुई थी। ठाकुरकुची स्टेशन पर ट्रेन की पावर कार का हैंड ब्रेक पूरी तरह से रिलीज नहीं हुआ था, जिसके कारण पहला पहिया अत्यधिक गर्म हो गया और उससे धुआँ निकलने लगा—जिसे रेलवे की तकनीकी भाषा में ‘ब्रेक बाइंडिंग’ कहा जाता है। हालांकि, आगे चलकर पानबाड़ी स्टेशन पर इस समस्या को सुधार लिया गया था, लेकिन यहीं पर एक ऐसी बड़ी चूक हुई जिसने आगे चलकर विकराल रूप ले लिया। खराबी ठीक करने के दौरान ट्रेन के हवा के रास्ते (ब्रेक पाइप और फीड पाइप के कट-ऑफ एंगल हुक्स) बंद या आइसोलेटेड रह गए और उन्हें दोबारा खोला नहीं गया।
जांच समिति ने इस पूरे मामले में तीन स्तरों पर गंभीर प्रक्रियात्मक खामियां पाई हैं:

लोको पायलट और सहायक लोको पायलट की बड़ी भूल: इंजन की तरफ के बीपी (ब्रेक पाइप) और एफपी (फीड पाइप) के एंगल कॉक्स बंद रह गए। इससे ट्रेन में हवा का निरंतर प्रवाह रुक गया और ड्राइवर का ब्रेकिंग सिस्टम पर से नियंत्रण पूरी तरह समाप्त हो गया। इसके अलावा, समस्या ठीक करने के बाद अनिवार्य ‘ब्रेक फील टेस्ट’ भी नहीं किया गया।
गार्ड की तरफ से एयर कंटिन्यूटी की अनदेखी: नियमों के तहत तकनीकी सुधार के बाद गार्ड की यह मुख्य जिम्मेदारी होती है कि वह आखिरी डिब्बे से ब्रेक प्रेशर की जांच कर यह सुनिश्चित करे कि पूरी ट्रेन में हवा का संचार सुचारू है। इस मामले में गार्ड द्वारा यह अनिवार्य जांच नहीं की गई। आपात स्थिति में जब लोको पायलट और गार्ड दोनों ने अपने-अपने छोर से ब्रेक लगाने की कोशिश की, तो एयर कंटिन्यूटी न होने के कारण ब्रेक ने काम ही नहीं किया।
संवाद और तालमेल की भारी कमी: ब्रेक बाइंडिंग की समस्या दूर करने के बाद लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर के बीच वॉकी-टॉकी पर स्पष्ट संवाद का अभाव रहा। दोनों ने यह पुष्टि करने की जहमत नहीं उठाई कि हवा का दबाव ट्रेन के आखिरी छोर तक पहुंच रहा है या नहीं।
रेलवे रिपोर्ट का स्पष्ट निष्कर्ष है कि यदि ट्रेन को दोबारा रवाना करने से पहले मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत एयर कंटिन्यूटी और ब्रेक टेस्ट जैसी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली जातीं, तो इस दर्दनाक हादसे को आसानी से टाला जा सकता था।
——————-