शिवानी सिंह
नई दिल्ली, 30 अक्तूबर।
देश में चमचमाते एक्सप्रेसवे और फोर-लेन हाईवे का जाल भले ही बिछाया जा रहा हो, लेकिन हकीकत यह है कि भारत की सड़कों का एक बड़ा हिस्सा आज भी यात्रियों के लिए मौत का फंदा बना हुआ है। हाल ही में अंतरराष्ट्रीय रिसर्च जर्नल फ्यूचर ट्रांसपोर्टेशन (एमडीपीआई) में प्रकाशित एक वैश्विक अध्ययन ने देश की सड़क सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत के कुल नेशनल हाईवे नेटवर्क का लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा आज भी ‘टू-लेन’ (दो-लेन) श्रेणी का है, जहाँ आम हाईवे की तुलना में जान का जोखिम 400 फीसदी यानी चार गुना अधिक है।
शोधकर्ताओं का स्पष्ट कहना है कि केवल ट्रैफिक चालान काटने या गाड़ियों की रफ्तार पर स्पीड लिमिट कसने से ये हादसे नहीं रुकने वाले हैं। जब तक सड़कों पर पासिंग साइट डिस्टेंस (पीएसडी) यानी ओवरटेक करते समय चालक को सामने से आ रही गाड़ी की पर्याप्त दूरी तक स्पष्ट दृश्यता (विजिबिलिटी) नहीं मिलेगी, तब तक खौफनाक आमने-सामने की टक्करों पर लगाम लगाना नामुमकिन है।
भारत के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के आंकड़े भी इस डरावनी तस्वीर की तस्दीक करते हैं। देश के लगभग 1.46 लाख किलोमीटर लंबे नेशनल हाईवे में से 30 से 35 फीसदी हिस्से दो-लेन वाले हैं और हाईवे पर होने वाली कुल मौतों में से 45 प्रतिशत से ज्यादा मौतें इन्हीं सड़कों पर होती हैं। भारत में हर साल होने वाले 4.6 लाख सड़क हादसों में 1.68 लाख से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा बैठते हैं। वैश्विक स्तर पर देखें तो दुनिया की महज 1 से 2 फीसदी गाड़ियां भारत में हैं, लेकिन दुनिया की कुल सड़क मौतों में भारत की हिस्सेदारी 11 प्रतिशत से अधिक है, जिसके कारण भारत पिछले कई दशकों से सड़क दुर्घटनाओं में शीर्ष पर बना हुआ है।
हादसों की सबसे बड़ी वजह धीमी गति से चलने वाले भारी वाहनों के पीछे लगने वाला ट्रैफिक का दबाव है। जब ट्रकों के पीछे कारों की लंबी कतार लग जाती है, तो चालक हताशा और जल्दबाजी में अंधे मोड़ों पर भी ओवरटेक करने का जानलेवा जोखिम उठाते हैं। आँकड़ों के मुताबिक 28 से 32 फीसदी हादसे केवल गलत ओवरटेकिंग, अचानक लेन बदलने और सामने से आ रही गाड़ी न दिखने की वजह से होते हैं।
—————
जहाँ अमेरिका, कनाडा, यूरोपीय संघ और ऑस्ट्रेलिया जैसे विकसित देश सड़क डिजाइन, सॉलिड डबल-येलो लाइन, वैकल्पिक ओवरटेकिंग लेन और अल्टरनेट बाय-पास जैसी आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीकों से मौतों का आंकड़ा तेजी से घटा रहे हैं, वहीं भारत को भी तुरंत ठोस कदम उठाने होंगे। रिपोर्ट में भारत के लिए पांच-सूत्रीय एक्शन प्लान का सुझाव दिया गया है।
1. वैकल्पिक लेन मॉडल: जहाँ सड़कों को तुरंत फोर-लेन बनाना संभव न हो, वहाँ हर 2 से 3 किलोमीटर पर वैकल्पिक लेन बनाई जाए।
2. नो-ओवरटेकिंग ज़ोन: जिन मार्गों पर 350 से 500 मीटर तक का स्पष्ट दृश्य न मिले, वहाँ थर्माप्लास्टिक सॉलिड लाइन और रिफ्लेक्टिव बोर्ड्स लगाकर तुरंत ओवरटेकिंग प्रतिबंधित की जाए।
3. एआई आधारित डायनेमिक सेंसर: ब्लैक-स्पॉट और अंधे मोड़ों पर स्मार्ट एलईडी बोर्ड लगाए जाएं, जो मोड़ के दूसरी तरफ से आ रहे वाहनों की अग्रिम चेतावनी दे सकें।
4. सड़क डिजाइन में सुधार: हाईवे इंजीनियरिंग को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप ढाला जाए।
5. मजबूत ट्रॉमा केयर: दुर्घटना के बाद ‘गोल्डन अवर’ (शुरुआती एक घंटे) में घायलों की जान बचाने के लिए इमरजेंसी ट्रॉमा केयर नेटवर्क को तेजी से मजबूत किया जाए।
—————
