वैज्ञानिक प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए विविध प्रयोग
विशेषज्ञों ने मौलिक सोच और वैज्ञानिक समझ बढ़ाने पर दिया जोर
अनिल सिंह चौहान
बेतिया, 29 सितंबर 2026 : राज हाई स्कूल में आयोजित 32वीं जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक परियोजनाओं और प्रयोगों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की वैज्ञानिक जिज्ञासा, प्रयोग करने की क्षमता और नवाचार की समझ को सामने लाने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर पूर्वी चंपारण के नवप्रवर्तक डॉ. प्रमोद स्टीफेन और अजहर हुसैन अंसारी को आमंत्रित किया गया। आयोजन समिति ने दोनों अतिथियों का स्वागत गुलाब का पौधा और पुस्तक भेंट कर किया। अतिथियों ने प्रदर्शनी में विद्यार्थियों के मॉडल देखे और उनसे प्रयोगों की कार्यप्रणाली तथा उनमें किए गए नए प्रयासों के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों को समझाया कि किसी परियोजना में केवल मॉडल बनाना पर्याप्त नहीं है। उसके पीछे मौजूद वैज्ञानिक सिद्धांत को समझना और समस्या के समाधान के लिए नया प्रयोग करना भी जरूरी है। कुछ विद्यार्थियों की परियोजनाओं में प्रचलित गतिविधियां मिलने पर उन्हें मौलिकता बढ़ाने के सुझाव दिए गए। आदित्य कुमार और अब्दुल कैश ने चूने के घोल की मदद से वातावरण में कार्बन डाइऑक्साइड की पहचान का प्रयोग प्रस्तुत किया। इस परियोजना ने अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया। इसके विज्ञान शिक्षक नरकटियागंज के रामकरण शर्मा हैं। कार्यक्रम में डॉ. प्रवीण स्टीफेन, मुन्ना कुमार सुगौली और नेपाल से सौरभ गिरी भी उपस्थित रहे।