रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की दिल्ली-कानपुर रेल यात्रियों को नई ट्रेन की सौगात

आनंद विहार-कानपुर सेंट्रल के बीच चलेगी नई एक्सप्रेस ट्रेन

शिवानी सिंह
नई दिल्ली ।
रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने गुरुवार को  दिल्ली और कानपुर के बीच सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत और सौगात का ऐलान किया है। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और मांग को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने कानपुर सेंट्रल से आनंद विहार टर्मिनल के बीच एक नई दैनिक रात्रिकालीन एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू करने को मंजूरी दी है। इस नई रेल सेवा के शुरू होने से न केवल कानपुर और दिल्ली के बीच आवागमन आसान होगा, बल्कि बीच में पड़ने वाले कई प्रमुख शहरों और कस्बों के यात्रियों को भी देर रात यात्रा का एक बेहतर और सुविधाजनक विकल्प मिल सकेगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह नई ट्रेन 14153/14154 कानपुर सेंट्रल-आनंद विहार टर्मिनल-कानपुर सेंट्रल मेल के नाम से संचालित की जाएगी। इस ट्रेन की सबसे बड़ी खासियत इसका समय है, जिसे पूरी तरह से रात्रिकालीन सफर के अनुकूल तय किया गया है। ट्रेन संख्या 14153 कानपुर सेंट्रल से रोजाना रात 8:40 बजे रवाना होगी और अगले दिन तड़के 4:50 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। इस तरह कानपुर से दिल्ली तक का 428 किलोमीटर का सफर यह ट्रेन महज 8 घंटे 10 मिनट में पूरा कर लेगी।

वहीं वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 14154 आनंद विहार टर्मिनल से रोजाना रात 11:25 बजे प्रस्थान करेगी और सुबह 7:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। वापसी के इस सफर में यात्रियों को 8 घंटे का समय लगेगा। सुबह-सुबह गंतव्य पर पहुंचने के कारण कामकाजी लोगों, व्यापारियों और छात्रों को दिनभर के कामों के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा, जिससे यह सेवा इस रूट पर काफी लोकप्रिय साबित होने की उम्मीद है।

यह नई एक्सप्रेस सेवा दोनों तरफ के सफर में आठ प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी, जिससे उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) का रेल संपर्क काफी मजबूत होगा। मार्ग में यह ट्रेन फफूंद, इटावा, टुंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद स्टेशनों पर रुकेगी। इन स्टेशनों पर ठहराव से इटावा, अलीगढ़ और गाजियाबाद जैसे औद्योगिक व व्यापारिक शहरों के यात्रियों को भी दिल्ली और कानपुर आने-जाने के लिए सीधी और सुलभ रात्रिकालीन ट्रेन मिल सकेगी।

रेलवे के इस फैसले से कानपुर, इटावा और अलीगढ़ रेल खंड पर दबाव कम होने की उम्मीद जताई जा रही है। वर्तमान में इस रूट पर रात के समय यात्रियों की भारी भीड़ रहती है, ऐसे में एक नई दैनिक ट्रेन मिलने से नियमित यात्रियों को सीट मिलने में आसानी होगी। इस नई सेवा के औपचारिक शुभारंभ की तिथि और डिब्बों की संरचना संबंधी विस्तृत जानकारी जल्द ही रेलवे द्वारा जारी की जाएगी।