बिना रुकावट तेज सफर के लिए 5 किमी पर ही मिलेंगे कट, जितनी दूरी उतना टोल

जमीन की बढ़ी कीमत से ही निकलेगा सड़क का पैसा, बाहरी इलाकों में घर लेना होगा महंगा*

अतुल सिंह

नई दिल्ली, 21 नवंबर।
देश के 500 शहरों के बाहर बनने वाले नए रिंग रोड, बाईपास और एलिवेटेड कॉरिडोर अब केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि शहरी भीड़ घटाने और बुनियादी ढांचे की फंडिंग का नया मॉडल बनने जा रहे हैं। केंद्र सरकार की नई ‘अर्बन डी-कंजेशन पॉलिसी’ के तहत इन सड़कों के निर्माण, आवाजाही और जमीन से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है। इस व्यवस्था से जहां लंबी व तेज आवाजाही के लिए बेतरतीब जाम और बीच के कट कम होंगे, वहीं सफर के खर्च और बाहरी इलाकों में संपत्ति की कीमतों पर भी सीधा असर पड़ेगा।

सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, नई नीति का मुख्य उद्देश्य शहरों के बाहर बनने वाले मार्गों को जाम मुक्त और व्यवस्थित बनाना है। पहले कई रिंग रोड और बाईपास पर एक से दो किलोमीटर के अंतराल पर कट या सर्विस लेन खुलने से स्थानीय ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाता था और मुख्य मार्ग की रफ्तार धीमी पड़ती थी। साथ ही, कई स्थानों पर स्थानीय वाहन चालकों को टोल से छूट या कम दूरी पर बिना शुल्क आवाजाही की सुविधा मिल जाती थी, जबकि परियोजनाओं के लिए जमीन अधिग्रहण का बड़ा बोझ सामान्य बजट पर आता था।

गत माह से लागू नई व्यवस्था में तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। अब बनने वाले सभी रिंग रोड और बाईपास पर क्लोज्ड टोलिंग प्रणाली लागू होगी, जिसके तहत प्रवेश और निकास के आधार पर वाहन चालक जितनी दूरी तय करेगा, उसे उतना ही टोल चुकाना होगा। इसके साथ ही दो इंटरचेंज के बीच कम से कम पांच किलोमीटर की दूरी अनिवार्य कर दी गई है, ताकि बीच-बीच में बेतरतीब कट न निकलें और मुख्य मार्ग पर यातायात का प्रवाह सुगम रहे। जमीन अधिग्रहण की भारी लागत जुटाने के लिए सरकार ने वैल्यू कैप्चर फाइनेंसिंग (वीसीएफ) मॉडल को बढ़ावा दिया है। इसके अंतर्गत परियोजना के कारण जिन इलाकों में जमीन और संपत्ति का मूल्य बढ़ेगा, वहीं से विकास शुल्क, बेटरमेंट लेवी या सर्किल रेट समायोजन के जरिए संसाधन जुटाए जाएंगे।

इस नीतिगत बदलाव के दो बड़े पहलू सामने आ रहे हैं। एक ओर इंटरचेंज के बीच पांच किलोमीटर की दूरी तय होने से मुख्य मार्ग पर बेवजह रुकने और कट से आने-जाने वाले वाहनों की अड़चन कम होगी, जिससे तेज और सुचारू सफर की उम्मीद है, लेकिन दूसरी ओर रोजाना दफ्तर, कारोबार या बच्चों के स्कूल के लिए रिंग रोड का इस्तेमाल करने वालों का मासिक यात्रा खर्च बढ़ेगा। बीच की कॉलोनियों और बसावटों में रहने वालों को भी सड़क पर चढ़ने-उतरने के लिए नजदीकी इंटरचेंज तक अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। इसी तरह, वीसीएफ मॉडल से सरकार और स्थानीय निकायों को परियोजनाओं के लिए फंड जुटाने में तो बड़ी मदद मिलेगी, मगर बाईपास और रिंग रोड के आसपास सर्किल रेट व विकास शुल्क बढ़ने से प्लॉट, मकान या व्यावसायिक जमीन महंगी हो जाएगी। ऐसे में शहर की भीड़ से दूर बाहरी इलाकों में घर या निवेश की योजना बना रहे परिवारों का बजट प्रभावित होना तय है।
————–

Tags: