सड़क दुर्घटना में घायलों को मिलेगी समय पर मदद

सरकार करेगी डिजिटल निगरानी

शिवानी सिंह

नई दिल्ली, 20 नवंबर।
नेशनल हाईवे पर सड़क हादसे के बाद शुरुआती सबसे अहम समय यानी ‘गोल्डन ऑवर’ में घायलों को समय पर मदद न मिल पाना देश की बड़ी चुनौती रही है। एक अध्ययन के अनुसार, वर्तमान में केवल 20 फीसदी दुर्घटना पीड़ित ही गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल या ट्रामा सेंटर तक पहुंच पाते हैं। इसी बड़ी खाई को पाटने और आपातकालीन प्रतिक्रिया को तेज करने के लिए सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय ने 18 नवंबर को परिपत्र जारी कर हाईवे की रूट पेट्रोलिंग और इमरजेंसी सेवाओं की लाइव डिजिटल निगरानी का फैसला किया है।

नई व्यवस्था के तहत देशभर में तैनात लगभग 3,000 आधुनिक एम्बुलेंस, रूट पेट्रोलिंग वाहनों और करीब 1,000 क्रेनों की कार्यप्रणाली को सीधे जवाबदेह बनाया गया है। अब इन वाहनों की मौजूदगी और आवाजाही का हिसाब किसी पारंपरिक रजिस्टर में नहीं, बल्कि केंद्रीयकृत ‘एनएचएआई केयर डैशबोर्ड’ के माध्यम से लाइव डिजिटल ट्रैकिंग से रखा जाएगा। सभी आपातकालीन वाहनों में एआईएस-140 मानक के जीपीएस उपकरण अनिवार्य किए गए हैं, जिससे दिल्ली स्थित कंट्रोल रूम से रियल-टाइम मॉनिटरिंग संभव होगी। इससे यह तुरंत स्पष्ट हो सकेगा कि किस राजमार्ग खंड पर कौन-सा वाहन तैनात है और सूचना मिलने के कितनी देर बाद वह घटनास्थल पर पहुंचा।

घायलों तक समय पर पहुंचने की बाध्यता को सख्ती से लागू करने के लिए कड़े सर्विस लेवल एग्रीमेंट (एसएलए) तय किए गए हैं। यदि आपातकालीन वाहन या सेवाएं 99 फीसदी उपलब्धता के मानक को पूरा नहीं करती हैं, तो संबंधित एजेंसियों पर भारी आर्थिक दंड लगाया जाएगा। इतना ही नहीं, तय समय-सीमा के भीतर मौके पर न पहुंचने पर प्रति मिनट के हिसाब से जुर्माना वसूला जाएगा और गंभीर लापरवाही पर ब्लैकलिस्ट करने जैसी सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी नए राजमार्ग खंड को यातायात के लिए खोलने से पहले इन आपातकालीन सेवाओं की तैनाती अनिवार्य होगी।

अधिकारियों और विशेषज्ञों का मानना है कि त्वरित रिस्पॉन्स और बेहतर समन्वय से घायल मरीजों को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाने की दर में बड़ा सुधार आ सकता है। विकसित देशों की इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्टेशन सिस्टम (आईटीएस) और ऑटोमैटिक इंसिडेंट डिटेक्शन (एआईडी) जैसी अवधारणाओं से प्रेरणा लेते हुए ट्रैफिक और मेडिकल यूनिट्स के बीच तालमेल को मजबूत किया जा रहा है। इस नई व्यवस्था से सालाना करीब 45,000 से 75,000 लोगों की जान बचाने का अनुमान जताया गया है।
————-

Tags: