शिवानी सिंह
नई दिल्ली, 18 नवंबर।
देश की सबसे हाई-स्पीड और आधुनिक ट्रेनें चलाने वाले लोको पायलट आज गंभीर मानसिक संकट से गुजर रहे हैं। निमहंस बेंगलुरु और लंदन के प्रतिष्ठित जर्नल ‘बायोमेड सेंट्रल साइकोलॉजी’ में प्रकाशित एक ताजा शोध रिपोर्ट ने भारतीय रेलवे की संरक्षा और यात्री सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मिक्स्ड-मेथड्स स्टडी के अनुसार, वंदे भारत और अमृत भारत जैसी सेमी हाई-स्पीड ट्रेनों के 50 फीसदी से अधिक ड्राइवर गंभीर मानसिक थकान और अवसाद की चपेट में हैं, जिससे रेल सुरक्षा पर बड़ा खतरा मंडराने लगा है।
अध्ययन के मुताबिक, बेंगलुरु के रेलवे लोको पायलटों में व्यावसायिक तनाव और मनोवैज्ञानिक संकट का स्तर बेहद खतरनाक स्थिति तक पहुंच चुका है। सर्वे में शामिल 287 लोको पायलटों में से 50.9 प्रतिशत पायलटों में मनोवैज्ञानिक संकट के स्क्रीनिंग मानदंड और 34.2 प्रतिशत में व्यावसायिक तनाव के स्पष्ट लक्षण पाए गए हैं। ड्राइवरों के ड्यूटी के घंटे अनिश्चित और थका देने वाले होते हैं। लगातार 10 से 12 घंटे या उससे अधिक समय तक बिना किसी निश्चित विश्राम के केबिन में बिताने से मानव शरीर और मस्तिष्क पर बेहद घातक दुष्प्रभाव पड़ते हैं।
इन गंभीर दुष्प्रभावों के तहत, अत्यधिक लंबे कार्य घंटों के कारण शरीर का नींद चक्र (सर्कैडियन रिदम) पूरी तरह बाधित हो जाता है, जिससे क्रॉनिक फटीग (दीर्घकालिक थकान) और अनिद्रा की समस्या घर कर जाती है। इसके अलावा, अनियमित खानपान और लंबे समय तक एक ही मुद्रा में बैठे रहने से पाचन तंत्र से जुड़ी बीमारियां, उच्च रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) और मधुमेह (डायबिटीज) का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। मानसिक स्तर पर, केबिन का अकेलापन और हर पल अत्यधिक सतर्क रहने के दबाव के कारण पायलटों में अत्यधिक मानसिक तनाव, चिंता और अवसाद तेजी से हावी हो रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय मानकों से तुलना करें तो जहां भारत में लोको पायलटों को 10 से 12 घंटे या उससे अधिक समय तक लगातार और अनिश्चित रोस्टर के साथ काम करना पड़ता है, वहीं यूरोपीय संघ और ब्रिटेन में रेल ड्राइवरों के काम करने के घंटे बेहद कड़ाई से नियंत्रित होते हैं। वहां एक शिफ्ट की अधिकतम सीमा सामान्यतः 8 से 9 घंटे से अधिक नहीं होती, नाइट शिफ्ट करने पर विशेष विश्राम और मेडिकल चेकअप अनिवार्य होता है, तथा लगातार दो शिफ्टों के बीच न्यूनतम 12 से 14 घंटे का रेस्ट पीरियड कानूनी रूप से लागू है।
दूसरी ओर, रेलवे के निर्धारित नियमों (रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 132 और रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों) के तहत लोको पायलटों की निरंतर ड्यूटी सामान्यतः अधिकतम 9 से 11 घंटे के बीच तय की जाती है, लेकिन जमीनी हकीकत में इन निर्धारित नियमों या इससे भी आगे बढ़कर 12 से 14 घंटे तक खिंचने वाली ड्यूटी का मानव स्वास्थ्य पर सीधा और गहरा असर पड़ता है।
शोधकर्ताओं का सुझाव है कि रेलवे के मौजूदा वेलनेस कार्यक्रम कागजी साबित हो रहे हैं, इसलिए लोको पायलटों के लिए विशेष रूप से भूमिका-आधारित मानसिक स्वास्थ्य हस्तक्षेप (मेंटल हेल्थ इंटरवेंशन) और कार्यस्थल में तत्काल सुधार बेहद जरूरी हैं ताकि यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ ड्राइवरों के स्वास्थ्य की रक्षा भी की जा सके।
