स्वदेशी बुलेट ट्रेन भारत की तकनीकी क्षमता का प्रमाण है : रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव

मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड कॉरिडोर के लिए तैयार हो रही बुलेट ट्रेन

शिवानी सिंह

नई दिल्ली, 1 नवंबर।
देश में हाई-स्पीड रेल क्रांति का आगाज करते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि भारत अपनी पहली स्वदेशी बुलेट ट्रेन के निर्माण के साथ वैश्विक रेलवे मानचित्र पर एक नया मील का पत्थर स्थापित कर रहा है। बेंगलुरु स्थित बीईएमएल (बीईएमएल) फैसिलिटी में मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के लिए तैयार हो रही इस अत्याधुनिक ट्रेन परियोजना से भारतीय रेलवे आत्मनिर्भरता और आधुनिक इंजीनियरिंग के एक नए युग में प्रवेश कर रहा है। रेल मंत्री के अनुसार यह ट्रेन न केवल भारत की तकनीकी क्षमता का प्रमाण है, बल्कि देश की भौगोलिक और यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर पूरी तरह स्वदेशी रूप से विकसित की गई है।

मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर के लिए बनाई जा रही इस अत्याधुनिक बुलेट ट्रेन को भारतीय परिस्थितियों, मौसम और यात्रियों की सुरक्षा के अनुरूप डिजाइन किया गया है। ट्रेन की अधिकतम परीक्षण गति (टेस्ट स्पीड) 280 किमी प्रतिघंटा और परिचालन गति (ऑपरेशनल स्पीड) 249 किमी प्रतिघंटा निर्धारित की गई है। इसकी कुल लंबाई लगभग 202 मीटर है, जिसमें 4 मोटर कार और 4 ट्रेलर कारों सहित कुल 8 डिब्बों का कॉन्फ़िगरेशन शामिल है। ट्रेन की कुल यात्री क्षमता लगभग 557 है, जिसमें दिव्यांगजनों के लिए विशेष रूप से 2 सीटों का स्थान आरक्षित किया गया है। इसमें सात स्टैंडर्ड-क्लास डिब्बे और एक एग्जीक्यूटिव-क्लास डिब्बा शामिल है। भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए दो 8-कार ट्रेनों को आपस में जोड़कर 16-कार की लंबी ट्रेन भी बनाई जा सकती है। इसके दोनों सिरों पर इंटेलिजेंट ऑन-बोर्ड कंट्रोल सिस्टम से लैस ड्राइवर केबिन बनाए गए हैं, जो ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर के साथ त्वरित समन्वय में मदद करते हैं।

यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाने के लिए ट्रेन के अंदरूनी हिस्सों को भारतीय शारीरिक मापों को ध्यान में रखकर एर्गोनॉमिक रूप से डिजाइन किया गया है। प्रत्येक सीट पर पर्याप्त लेगरूम, समतल बोर्डिंग सुविधा, एलईडी इंटीरियर लाइटिंग, ओवरहेड लगेज रैक्स और बड़े सामान के लिए फर्श पर बने विशेष लगेज स्टैंड दिए गए हैं। इसके अलावा लैपटॉप-मोबाइल चार्जिंग के लिए पावर आउटलेट, आधुनिक बायो-डिजेस्टर शौचालय, हर सीट के पास चौड़ी खिड़कियां और सीलबंद सिंगल-पीस गैंगवे जैसी सुविधाएं दी गई हैं जो डिब्बों के बीच आरामदायक आवाजाही सुनिश्चित करती हैं।

यात्रियों को हर समय अपडेट रखने के लिए इसमें एक व्यापक यात्री सूचना प्रणाली जोड़ी गई है। केबिन के भीतर अंग्रेजी, हिंदी और क्षेत्रीय भाषाओं में जानकारी प्रदर्शित करने वाले एलसीडी डिस्प्ले, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, ऑटोमैटिक अनाउंसमेंट सिस्टम और आपातकालीन टॉक-बैक यूनिट्स लगाई गई हैं। इसके जरिए यात्री किसी भी आपात स्थिति में सीधे ट्रेन क्रू से संपर्क साध सकते हैं। साथ ही, प्रीलोडेड सामग्री के साथ वाई-फाई आधारित पैसेंजर इंफोटेनमेंट सिस्टम भी उपलब्ध कराया गया है।

सुगमता और सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए ट्रेन का फर्श प्लेटफॉर्म की ऊंचाई के बिल्कुल बराबर रखा गया है, जिससे समतल बोर्डिंग आसान होती है। दरवाजों में एकीकृत रिट्रेक्टेबल फुटस्टेप्स ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच के अंतर को न्यूनतम करते हैं। व्हीलचेयर की सुगम आवाजाही के लिए चौड़े दरवाजे और दृष्टिबाधित यात्रियों के लिए ब्रेल-सक्षम सूचना संकेत भी स्थापित किए गए हैं। हर मौसम में यात्रियों को राहत देने के लिए प्रत्येक डिब्बे में दो आधुनिक एचवीएसी इकाइयां लगाई गई हैं जो तापमान और आर्द्रता को नियंत्रित रखती हैं।

ट्रेन के भीतर शोर और कंपन को कम करने के लिए कार बॉडी और फर्श में उन्नत साउंड इंसुलेशन, नॉइज़-डैम्पिंग कोटिंग्स, स्कर्ट, बोगी कवर और फेयरिंग्स का उपयोग किया गया है, जिससे सफर बेहद शांत और सुगम बनता है। तकनीकी मोर्चे पर यह ट्रेन 25 केवी ट्रैक्शन सिस्टम पर चलती है जो हैवी कंपाउंड कैटेनरी से जुड़ी है। इसकी रीजेनेरेटिव ब्रेकिंग प्रणाली ब्रेकिंग के दौरान ऊर्जा को पुनर्चक्रित कर ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा देती है।

कंप्यूटेशनल फ्लुइड डायनेमिक्स (सीएफडी) सिमुलेशन के आधार पर ट्रेन के नोज और कारबॉडी प्रोफाइल को पूरी तरह एरोडायनामिक रूप दिया गया है। यह डिजाइन हवा के प्रतिरोध को कम करने, सुरंगों में दबाव की तरंगों और सोनिक बूम को नियंत्रित करने तथा टर्बुलेंस को घटाने में कारगर है। रूफटॉप एचवीएसी प्रोफाइल, एयरफ्लो डिफ्लेक्टर्स और सीलबंद कारबॉडी मिलकर बाहरी हवा के दबाव के अंतर को संतुलित करती हैं और यात्रियों को एक सहज व झटके-मुक्त सफर का अनुभव कराती हैं।
———-

Tags: