वडोदरा के रंगम त्रिवेदी भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय टीम में नियुक्त

रंगम को नीति एवं शोध विभाग के सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई

युवाओं, विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच कार्य करने का व्यापक अनुभव

शिवानी सिंह

नई दिल्ली, 21 अक्तूबर।
वडोदरा, गुजरात। विजयादशमी के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी ने अपनी राष्ट्रीय टीम की घोषणा कर दी है। इस टीम में वडोदरा के युवा कार्यकर्ता रंगम त्रिवेदी को नीति एवं शोध विभाग के सह-प्रभारी के रूप में नियुक्त किया गया है।
शिक्षित, रचनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रंगम त्रिवेदी कॉलेज के दिनों से ही युवा सहभागिता, सामाजिक विकास और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न कार्यों में योगदान देते रहे हैं। वे इससे पूर्व गुजरात प्रदेश युवा मोर्चा की कार्यकारिणी के सदस्य के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में भी विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है।
रंगम त्रिवेदी ने अपने कॉलेज जीवन से ही भव्य भारत फाउंडेशन के माध्यम से वडोदरा, गुजरात तथा देश के विभिन्न हिस्सों में अनेक सामाजिक एवं युवा-केंद्रित गतिविधियों, परियोजनाओं और कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाई है। पार्टी के राष्ट्रीय स्तर पर चुनाव संबंधी गतिविधियों तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी उनका योगदान रहा है।
————-
युवाओं और नई पीढ़ी की नीतिगत भागीदारी पर रहेगा विशेष जोर
राष्ट्रीय टीम में नई जिम्मेदारी मिलने से पहले रंगम त्रिवेदी ने विभिन्न विश्वविद्यालयों का दौरा कर युवाओं, विशेषकर जेन-ज़ी (जेन-जी) के विचारों, आकांक्षाओं और समकालीन मुद्दों को समझने का प्रयास किया है। विश्वविद्यालयों, स्कूलों तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों के साथ उनके संपर्क और शोध-आधारित समझ को इस नई जिम्मेदारी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
उनका प्रयास युवाओं को केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें नीति-निर्माण, शोध, सामाजिक नवाचार और जनहित से जुड़े विषयों में सक्रिय भागीदार बनाना है। इस दिशा में युवा नीति विशेषज्ञों, पॉलिसी के प्रति रुचि रखने वाले युवाओं और युवा पेशेवरों को एक मंच पर जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। रंगम त्रिवेदी की नियुक्ति को युवा नेतृत्व, नीति-आधारित संवाद और शोध के माध्यम से नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है।
इस मौके पर रंगम त्रिवेदी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने हेतु गिलहरी की भाँति अपना योगदान देने का अवसर प्रदान करने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय, प्रादेशिक एवं स्थानीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया है।

—

Tags: