अहमदाबाद मंडल में गांधी जयंती पर 3,000 किमी रेल ट्रैक किया साफ, 10,000 से लोगों ने लिया भाग

अहमदाबाद मंडल में स्वच्छ ट्रैक मेगा अभियान

कन्याकुमारी से कश्मीर तक की दूरी के बराबर रेल ट्रैक हुआ स्वच्छ

 

शिवानी सिंह

अहमदाबाद, 2 अक्टूबर।

महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर आज देशभर में आयोजित स्वच्छता अभियानों के क्रम में पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में ‘स्वच्छ ट्रैक मेगा अभियान’ का व्यापक आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश के नेतृत्व में अहमदाबाद मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों एवं रेल परिसरों में आयोजित इस अभियान में 10,000 से अधिक रेलकर्मियों, अधिकारियों एवं सहभागी समूहों ने सक्रिय भागीदारी की।

अभियान के तहत एक ही दिन में लगभग 3,000 किलोमीटर रेल ट्रैक की साफ-सफाई की गई। यह दूरी लगभग कन्याकुमारी से कश्मीर तक की दूरी के बराबर है। मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ चलाए गए इस व्यापक अभियान ने स्वच्छता को जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी का स्वरूप प्रदान किया।

अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वच्छता प्रहरियों तथा स्काउट एवं गाइड के सदस्यों को स्वच्छता की शपथ के साथ सुरु की अभियान । इसके पश्चात मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर स्टेशन मास्टर, सुपरवाइजर, क्लीनिंग स्टाफ एवं अन्य रेलकर्मियों ने अपने-अपने होम स्टेशन से अगले स्टेशन तक ट्रैक एवं स्टेशन परिसर की साफ-सफाई में सक्रिय रूप से भाग लिया।

अहमदाबाद, साबरमती, वीरमगाम, मालिया मियाणा, राधनपुर, ध्रांगध्रा, महेसाणा, पालनपुर, भुज, गांधीधाम, असारवा एवं हिम्मतनगर करीब 140 अहमदाबाद मंडल के विभिन्न स्टेशनों, यार्डों, रेलवे कॉलोनियों, हेल्थ यूनिट एवं ट्रैकसाइड क्षेत्रों में एक साथ विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।

इस अभियान में रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ रेलवे सुरक्षा बल, स्काउट एवं गाइड, रेलवे परिवारों, स्वयंसेवी संगठनों तथा अन्य सहभागी समूहों ने भी श्रमदान किया। निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं परिचालन संबंधी सावधानियों का पालन करते हुए ट्रैक एवं ट्रैकसाइड क्षेत्रों में स्वच्छता गतिविधियां संचालित की गईं।

रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री द्वारा हाल में सभी जोन, मंडलों एवं मंत्रालय की विभिन्न इकाइयों से स्वच्छता को व्यापक जनभागीदारी का अभियान बनाने तथा इसे केवल एक पखवाड़े तक सीमित न रखते हुए पूरे वर्ष जारी रखने का आह्वान किया गया था। आज का ‘स्वच्छ ट्रैक मेगा अभियान’ इसी दृष्टिकोण को धरातल पर उतारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

अहमदाबाद मंडल का यह अभियान ‘स्वच्छ रेल–स्वच्छ ट्रैक–स्वच्छ भारत’ के संदेश को मजबूत करते हुए यह दर्शाता है कि स्वच्छता केवल एक दिन या एक पखवाड़े का कार्यक्रम नहीं, बल्कि निरंतर जिम्मेदारी, कार्यसंस्कृति और जनभागीदारी का संकल्प है।