दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब-अंजी केबल ब्रिज पर 100 किमी स्पीड से दौड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस

भारतीय रेल ने रचा इतिहास

शिवानी सिंह

नई दिल्ली, 2 अक्तूबर।
भारतीय रेलवे ने जम्मू-कश्मीर में इंफ्रास्ट्रक्चर और स्पीड के मोर्चे पर एक नया और ऐतिहासिक मील का पत्थर हासिल कर लिया है। उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) परियोजना के तहत निर्मित दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब रेलवे ब्रिज और भारत के पहले केबल-स्टेड अंजी खड्ड ब्रिज पर वंदे भारत एक्सप्रेस ने 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ लगाकर इतिहास रच दिया है। इस सफल गति परीक्षण के साथ ही 111 किलोमीटर लंबे श्री माता वैष्णो देवी कटरा-बनिहाल ब्रॉडगेज रेल खंड पर ट्रेनों की अधिकतम अनुमत गति सीमा को 75 किलोमीटर प्रति घंटे से बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रति घंटा कर दिया गया है।

रेलवे इस स्पीड ट्रायल ने न केवल भारतीय रेल की तकनीकी दक्षता को साबित किया है, बल्कि दुर्गम हिमालयी इलाके में ट्रेन परिचालन को और अधिक तेज व सुगम बना दिया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसका एक वीडिया सोशल मीडिया पर साझा किया है। ट्रेन संख्या 26401/26404 वंदे भारत एक्सप्रेस ने इन दोनों इंजीनियरिंग अजूबों को 100 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से पार कर अपनी सुरक्षा और स्थिरता का श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इससे पहले कटरा-संगलदान खंड पर अधिकतम गति 85 किमी प्रतिघंटा और संगलदान-बनिहाल खंड पर 75 किमी प्रतिघंटा निर्धारित थी। अगस्त में रेलवे द्वारा सुरक्षा मानकों की सभी कड़ी शर्तों को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद रेल मंत्रालय ने गति सीमा में इस बढ़ोतरी को औपचारिक मंजूरी दी थी। यह उपलब्धि कश्मीर घाटी को देश के बाकी रेल नेटवर्क से चौबीसों घंटे और तीव्र गति से जोड़ने के सपने को साकार करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है।
————-